सपा नेता आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रोफेसर मोहम्मद आरिफ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर उनको यहां आने का न्योता दिया है। कहा है कि जौहर यूनिवर्सिटी आपके राज्य की धरोहर है। आप कभी भी यहां आकर निरीक्षण कर सकते हैं, जो हमारे लिए सौभाग्य की बात होगी। आपके मागदर्शी सलाह का अविलंब क्रियान्वयन किया जाएगा।
जौहर यूनिवर्सिटी के वीसी ने पत्र में आगे कहा है कि यह शैक्षिक संस्थान देश की धरोहर है। यहां पर पुलिस बल तैनात होने की वजह से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा है कि इस संबंध में जिलाधिकारी को 22 अक्तूबर को पत्र सौंपा गया था। इसके बाद पुलिस हटा ली गई थी। लेकिन फिर से 31 अक्तूबर की मध्य रात्रि में यूनिवर्सिटी में पुलिस तैनात कर दी गई है। शिक्षा मंदिर में पुलिस की तैनाती होने से विद्यार्थियों में दहशत का माहौल है।
इस वजह से यूनिवर्सिटी में नए दाखिले भी नहीं हो रही है और कई पुलिस की डर से कई कर्मचारी नौकरी छोड़ कर जा चुके हैं। यूनिवर्सिटी के दो सहायक वित्त अधिकारियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जिनकी रिहाई 15 अक्तूबर को जेल से हुई थी। दोनों की गिरफ्तारी की वजह से विद्यार्थियों को नो ड्यूज नहीं मिल पाई। इससे अगली कक्षाओं की परीक्षा प्रभावित हुई।