भड़काऊ भाषण देने के मामले में सपा नेता आजम खां के खिलाफ दर्ज मुकदमे की सुनवाई के दौरान बृहस्पतिवार को उनके अधिवक्ता ने कोर्ट में अपना पक्ष रखा। बहस कई घंटों तक चली जो पूरी नहीं हो सकी। शुक्रवार को भी इस मामले की सुनवाई होगी। आजम खां ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान मिलक कोतवाली क्षेत्र के खातानगरिया गांव में जनसभा को संबोधित किया था। आरोप है कि उन्होंने भड़काऊ भाषण दिया था, जिससे दो वर्गों में नफरत फैल सकती थी। जिसका वीडियो वायरल हुआ था।
वीडियो अवलोकन टीम के प्रभारी अनिल कुमार चौहान की ओर से मामले की रिपोर्ट मिलक कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने विवेचना करते हुए चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी थी। मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए (मजिस्ट्रेट ट्रायल) निशांत मान की कोर्ट चल रही है। इस मामले में अभियोजन की बहस पूरी हो चुकी है। बृहस्पतिवार को हुई सुनवाई के दौरान आजम खां के अधिवक्ता ने कोर्ट में बिंदुवार अपना पक्ष रखा और सपा नेता पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने अपनी बहस में कहा कि अभियोजन पक्ष की ओर से जो पांच गवाह पेश किए गए हैं उनके बयानों में विरोधाभास है। भाषण की सीडी में छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की नजीरों को भी पेश किया। कई घंटे तक चली, लेकिन पूरी नहीं हो सकी।