रामपुर। राजस्थान के अजमेर के थाना रामगंज क्षेत्र स्थित मोहम्मदी मस्जिद में शाहबाद के रायपुर गांव निवासी इमाम मोहम्मद माहिर (29) की हत्या कर दी गई थी। राजस्थान पुलिस ने हत्याकांड के खुलासे के लिए 500 सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। अब राजस्थान पुलिस ने शाहबाद के रायपुर गांव में डेरा डाल दिया है। अभी तक पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी नहीं सुलझा पाई है। 27 अप्रैल को तड़के तीन बजे इमाम मोहम्मद माहिर की तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने हत्या की थी। इमाम मोहम्मद माहिर इसी मोहम्मदी मस्जिद में पिछले अक्तूबर से इमामत कर रहे थे। हत्या के छठे दिन भी पुलिस इस हत्या का खुलासा नहीं कर पाई है। जांच के दौरान इमाम के परिजनों ने अजमेर के दो लोगों पर हत्या का शक जताया था। बदमाश हत्या के बाद इमाम का मोबाइल साथ में ले गए थे।
बृहस्पतिवार को अजमेर पुलिस तड़के ही इमाम के घर शाहबाद के रायपुर गांव में पहुंच गई थी। अजमेर पुलिस ने दिनभर अलग-अलग एंगल पर पड़ताल की और पूछताछ की। परिजनों ने एक और अन्य युवक पर हत्या का शक जताया है। अजमेर पुलिस ने मृतक इमाम मोहम्मद माहिर के बारे में परिजनों से गहनता के साथ जानकारी ली है। बृहस्पतिवार रात तक अजमेर पुलिस ने गांव में डेरा डाला हुआ था।