रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र में कचहरी से लौट रही एक महिला के साथ उसके पति ने मारपीट की और अपहरण का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि पति ने अपने दो साथियों की मदद से उसे जबरन कार में डालने की कोशिश की और विरोध करने पर उसे व उसके भाई को पीटा। यह घटना जौहर मार्ग पर जेआर अस्पताल के निकट हुई, जहां महिला अपने भाई के साथ किराए के मकान में रहती है। दंपती के बीच विवाद चल रहा है और महिला ने पति के खिलाफ खर्चा देने समेत अन्य मामलों में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसकी बुधवार को कोर्ट में सुनवाई थी। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। महिला ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर देने की बात कही है, हालांकि पुलिस के अनुसार अभी तहरीर नहीं मिली है। संवाद