रामपुर। नगर पालिका परिषद की बैठक में पालिका की आमदनी बढ़ाने के लिए गृह कर, जल कर व मकान आदि के नक्शा स्वीकृत करने के शुल्क बढ़ाने समेत पांच प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुए।
नगर पालिका परिषद सभागार में बृहस्पतिवार की शाम चार बजे पालिकाध्यक्ष चित्रक मित्तल की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पालिका के ईओ नवनीत कुमार सिंह ने गत बैठक की कार्यवाही सदन को पढ़कर सुनाई। इसके बाद निकाय की आय बढ़ाने के लिए गृह कर, जल कर, मकान आदि के नक्शाें की स्वीकृति शुल्क बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष ने सदन को बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को और तेज करने के लिए पालिका की आय को बढ़ाना बहुत जरूरी है। उन्होंने सभी से आमदनी बढ़ाने में सहयोग की अपील की। सदन के सदस्यों ने उक्त प्रस्ताव को स्वीकृत कर दिया।
पथ प्रकाश व्यवस्था के मामले में सभासदों ने मांग कि कुछ वार्डों में पथ प्रकाश व्यवस्था कमजोर है वहां पर लाइटें और लगवाई जाएं। अध्यक्ष ने ईओ को निर्देश दिए कि वह पथ प्रकाश व्यवस्था बेहतर कराएं।
पेयजल व्यवस्था को लेकर सभासदों ने कहा कि हर वार्ड में एक-एक फ्रीजर मशीन लगी हुई है। कुछ मलिन बस्तियों में फ्रीजर मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि वहां के लोग भी शीतल जल का प्रयोग कर सकें। इस प्रस्ताव को भी स्वीकृत कर दिया गया।
सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने पर चर्चा की गई। बैठक में सभासद डॉ. बलविंदर सिंह, परमजीत कौर भोला, प्रिया, साधना सक्सेना, रितु कुमारी, आंचल, कुशल गर्ग, मोहसिन खान, फैजान खान, कमलजीत उर्फ राजू तनेजा, अमन वर्मा आदि ने भाग लिया। संचालन लेखाकार प्रदीप सक्सेना ने किया।
नक्शा स्वीकृत कराने के लिए रोपने होंगे पांच पौधे
बोर्ड बैठक में अध्यक्ष ने सदन को बताया कि आवास आदि के नक्शे तभी स्वीकृत किए जाएंगे, जब नक्शा स्वामी पांच पौधों का रोपण करेगा। इस प्रस्ताव को सभी ने स्वीकार कर लिया। नगर के प्रमुख स्थानों पर शहीदों की प्रतिमाओं को स्थापित करने पर विचार किया गया। सदन के सदस्यों ने नगर में अतिक्रमण को हटवाने तथा सार्वजनिक स्थलों पर कुछ सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराने पर भी चर्चा की।