रामपुर। मुस्तफा अली खां मेमोरियल प्रादेशिक हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल मैच में रुहेला टाइगर क्लब ने पूरनपुर को 4-2 से हराकर ट्राॅफी पर कब्जा किया। विजेता टीम को विधायक आकाश सक्सेना ने ट्रॉफी सौंपी।
रुहेला टाइगर हॉकी क्लब के मैदान पर चल रहे टूर्नामेंट का फाइनल रुहेला टाइगर क्लब रामपुर व पूरनपुर के बीच खेला गया। मैच प्रारंभ होते ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक दूसरी टीम पर हमले किए। मैच के चौथे मिनट में रुहेला टाइगर क्लब तिब्यांन व 12वें मिनट में फामिर ने गोल कर बढ़त दिलाई। दूसरे हाॅफ की शुरुआत में फामिर व तिब्यांन ने एक-एक और गोल कर टीम को चार गोल की बढ़त दिलाई। अंत में पूरनपुर के खिलाड़ियों ने लगातार दो गोलकर अंतर को कम किया, लेकिन जीत दर्ज करने में कामयाब नहीं हो सके। इस तरह रुहेला टाइगर क्लब ने पूरनपुर को 4-2 से हराकर ट्राॅफी पर कब्जा किया।
इससे पहले पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जफर इकबाल ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय कर मैच की शुरुआत कराई। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि शहर विधायक आकाश सक्सेना ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें पुरस्कृत किया। रुहेला टाइगर क्लब के सचिव इकबाल खां ने मैदान से संबंधित कुछ समस्याएं रखीं। जिस पर विधायक ने शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
अंपायरिंग फहीम कुरैशी, इमरान खां ने की। टेक्निकल टेबल का काम इशरत अली जोजफ खां ने देखा। कमेंट्री सीनियर एडवोकेट नासिर खां ने की। इस मौके पर समाजसेवी मामून शाह खां, डाॅ. मेहमूद खां, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी महफूज उर रहमान, खा मुन्ने खां, हॉकी सचिव मुख्तार खां, जुनेद खां, तनवीर खां, वकार खां, जुबेर समेत बड़ी संख्या में हॉकी प्रेमी मौजूद रहे।