रामपुर। मिलक विधायक राजबाला के चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में सात अगस्त को सुनवाई होगी। मामला वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव का है। तब राजबाला मिलक विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर उम्मीदवार थीं। वह चुनाव जीत गई थीं। चुनाव प्रचार के दौरान 11 फरवरी 2017 को उनके खिलाफ शहजादनगर थाने में आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज हुआ था। यह मुकदमा तत्कालीन दारोगा जितेंद्र वर्मा की ओर से कराया गया था, जिसमें राजबाला पर बिना अनुमति धमोरा में जनसभा करने का आरोप था। इस मुकदमे में विवेचना के बाद पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। इस मुकदमे में विधायक ने जमानत तो करा ली थी, लेकिन जमानत के बाद वह मुकदमे की सुनवाई के लिए कोर्ट नहीं पहुंचीं। जिस पर कोर्ट ने वारंट जारी कर दिए थे। बुधवार को इस मामले की सुनवाई के कोर्ट अगली तारीख सात अगस्त तय कर दी है। संवाद