रामपुर। कोसी नदी की तेज धार की वजह से प्रानपुर पुल के पास आधी सड़क कोसी में समा गई है। इस वजह से इस मार्ग पर वाहनों का संचालन रोक दिया गया है। पुलिस ने रामपुर से ही इस मार्ग पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। जिलाधिकारी ने जल्द से जल्द कटाव रोके जाने संबंधी उपाय किए जाने के निर्देश दिए हैं। इस सड़क के बंद होने से रामपुर से टांडा का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। अब टांडा से रामपुर आने से वाया स्वार या फिर मुरादाबाद होकर आना पड़ेगा।
प्रानपुर पुल के पास सड़क का कटान कोसी नदी पिछले कई दिनों से कर रही थी। इसको लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि सड़क के कटान को रोकने के उपाय किए जाएं लेकिन अधिकारियों ने इसको गंभीरता से नहीं लिया। कोसी नदी में रामनगर बैराज से पानी छोड़े जाने की वजह से जलस्तर बढ़ गया है। इस वजह से कटाव भी तेज हो गया। इस वजह से सोमवार को दोपहर के वक्त तक आधी सड़क कोसी नदी में समा चुकी थी। इसको देखते हुए एसडीएम सदर निरंकार सिंह ने इस मार्ग पर अगले आदेश तक के लिए भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी है। पुलिस ने रामपुर में तोपखाना गेट के पास इस सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी है। इस मार्ग पर यातायात बंद होने से टांडा तहसील के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। लालपुर में कोसी नदी पर अस्थायी पुल अभी तक नहीं बना है। प्रानपुर होकर आने-जाने का जो रास्ता था वह भी बंद हो गया है। देर शाम को सांसद घनश्याम लोधी ने प्रानपुर पहुंचकर निरीक्षण किया। जिला पंचायत सदस्य मुस्तफा हुसैन का कहना है कि हम पिछले कई महीने से यह मांग उठा रहे हैं कि प्रानपुर में सड़क कट सकती है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। इस मामले में लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
12 वीं तक के स्कूल 12 तक रहेंगे बंद
रामपुर। बारिश की संभावना के मद्देनजर जिलाधिकारी ने जिले में 12 वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी 12 अक्तूबर तक के लिए बढ़ा दी है। इसको लेकर बीएसए कल्पना सिंह ने कहा है कि सभी शिक्षक, शिक्षा मित्र और अनुदेशक स्कूल पहुंचेंगे और शासकीय कार्य करेंगे। विद्यालयों में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कैंप लगाया जाएगा। बाढ़ प्रभावित लोगों को मिड डे मील से खाने-पीने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए स्कूलों के प्रधानाचार्य अपने ग्राम प्रधान से तालमेल बना लें।