रामपुर। कोलकाता कांड को लेकर निजी चिकित्सकों के बाद अब सरकारी चिकित्सक भी खुलकर सामने आ गए। रविवार देर शाम कैंडल मार्च निकालकर रोष जाहिर किया। इस दौरान आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शाम करीब साढ़े छह बजे से सभी चिकित्सक अस्पताल में इकट्ठे हुए। यहां से बैनर के साथ मोमबत्ती जलाकर सड़कों पर उतर पड़े। यहां से स्वार रोड होते हुए सीधे गांधी समाधि पहुंच गए और सभी ने कैंडल रखकर महिला चिकित्सक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और आरोपियों को सलाखों के पीछे डालने की मांग की। इस दौरान चिकित्सकों का कहना था कि महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या होना हर किसी के लिए शर्म की बात है। कहा कि आज हम इस समाज में सुरक्षित नहीं है। चिकित्सक के साथ इस तरह की घटना होना काफी निंदनीय है। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इस अवसर पर डॉ. दशरथ सिंह, डॉ. लखवीर सिंह, डॉ. डीके वर्मा, डॉ. शम्मी कपूर के साथ वार्ड व्बॉय, नर्स स्टाफ मौजूद रहा।