रामपुर। थाना गंज में दर्ज करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी के मामले में क्राइम ब्रांच और सर्विलांस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। चार अक्तूबर 2025 को राज्य कर विभाग के उपायुक्त संदीप कुमार जैन की तहरीर पर जीएसटी प्रपत्रों में हेराफेरी और जालसाजी कर सरकारी राजस्व की चोरी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मोहसिन उर्फ मोहसिनउद्दीन निवासी बेगमपुर, थाना कांठ, जिला मुरादाबाद का नाम सामने आया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो लैपटॉप, एक कीपैड मोबाइल, 52 सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। संवाद