रामपुर। विदेश भेजने के लिए फर्जी वीजा बनवाकर 1.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए 11 लोगों ने पुलिस से शिकायत की है।
अजीमनगर थाना पुलिस को 11 ग्रामीणों ने एक शिकायत पत्र दिया है। जिसमें आरोप लगाया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दो युवकों ने उनसे विदेश भेजने के लिए वीजा बनवाने के नाम पर एक लाख अस्सी हजार रुपये लिए थे। इस दौरान दोनों युवकों ने उन लोगों को वीजा बनवाकर दिल्ली एयरपोर्ट भेज दिया। एयरपोर्ट पर वीजा चेक होने के दौरान फर्जी पाया गया। इसके बाद उनके होश उड़ गए। एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारी ने फर्जी वीजा बताकर सभी को वापस भेज दिया। घर वापस आए ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वीजा बनवाने वाले दोनों लोगों को दी तो उन्होंने पहले कुछ समय में रुपये वापस करने की बात कही लेकिन, अब इंकार करने लगे हैं। ग्रामीणों ने अजीमनगर थाना पुलिस को शिकायत पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अजीमनगर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ की गई थी। इसके बाद पता चला कि रुपये का लेनदेन दिल्ली में किया गया है। इस आधार पर घटनास्थल दिल्ली का बताया जा रहा है। ग्रामीणों को दिल्ली में रिपोर्ट दर्ज कराने को कह दिया है।