रामपुर। डीएम जोगिंदर सिंह ने सभी एफपीओ से अपने समूह में सदस्यों की संख्या बढ़ाने तथा अपना बिजनेस प्लान तैयार करने पर जोर दिया है। कहा बिजनेस प्लान का अच्छी तरीके पालन किया जाए, ताकि एफपीओ की आय में वृद्धि हो सके।
डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में रामपुर में गठित कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को आत्मनिर्भर बनाने व उनकी आय में वृद्धि के लिए एफपीओ को बीज, उर्वरक, कीटनाशी, एनएससी सीड्स की डीलरशिप लाइसेंस, हिन्दुस्तान इंसेक्टिसाइड्स लिमिटेड (एचआईएल) से कीटनाशी डीलरशिप लाइसेंस, मंडी लाइसेंस, जीएसटी लाइसेंस, एफएसएसएआई लाइसेंस निर्गत कराने को कृषक उत्पादक संगठनों की जिला अनुश्रवण समिति की बैठक हुई।
बैठक में उप कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद रामपुर में 33 एफपीओ गठित हैं और सभी एफपीओ शक्ति पोर्टल पर पंजीकृत हैं, इनमें से छह एफपीओ को लाइसेंस दिए जा चुके हैं। डीएम ने मंडी लाइसेंस, जीएसटी लाइसेंस, एफएसएसएआई लाइसेंस के लिए आवेदन कराने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर लाइसेंस देने के निर्देश दिए। साथ ही पांच जुलाई तक सभी एफपीओ संबंधित विभागीय पोर्टल पर लाइसेंस के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए।