रामपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो गई। पहले चरण में 1398 सीटों के मुकाबले 814 छात्रों ने ही एडमिशन लिया। इस तरह 584 सीटें खाली रह गईं। अब दूसरे चरण की मेरिट लिस्ट का इंतजार है।
युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण के लिए प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। 10 जुलाई से शुरू हुई आवेदन की प्रक्रिया चार अगस्त को पूरी हो गई थी। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य व्यावसायिक शिक्षा परिषद की ओर से मेरिट लिस्ट भी जारी कर दी गई थी।
रामपुर के पांच सरकारी आईटीआई में शामिल 1848 सीटों के मुकाबले 1398 सीटों के लिए मेरिट जारी की गई थी। पहले 15 अगस्त तक एडमिशन होने थे, लेकिन बाद में परिषद की ओर से 20 अगस्त तक के लिए समय बढ़ा दिया था। एडमिशन का समय बढ़ने के बाद भी तमाम छात्र एडमिशन को नहीं पहुंचे। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रामपुर के प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद आसिफ का कहना है कि पहले चरण की एडमिशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पहले चरण में कुल 814 छात्रों ने एडमिशन ले लिया है। अभी 584 सीटें खाली हैं। अब दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए अलग से आदेश जारी किया जाएगा।
छात्र को रुचि के हिसाब से ट्रेड नहीं मिली, जिसकी वजह से छात्रों ने एडमिशन लेने में दिलचस्पी कम दिखाई। इसके अलावा महिला ट्रेडों में भी छात्राओं ने प्रवेश लेने में कम दिलचस्पी दिखाई है। यही वजह है कि एडमिशन कम हुए हैं। - डॉ. मोहम्मद आसिफ, प्राचार्य, राजकीय आईटीआई रामपुर