रामपुर। उधार की रकम के लेनदेन के विवाद में एक युवक पर तमंचे से फायर झोंक दिया। उसके गोली नहीं लगी तो तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दढ़ियाल मोहल्ला पीपलटोला निवासी मुकेश पुत्र दिनेश बिजली और सजावट का काम करता है। कुछ दिन पहले उसने नगर के ही मुस्तजर पुत्र अख्तर अली के साथ शादी में सजावट का काम किया था। इस दौरान उसके मुस्तजर पर साढ़े तीन हजार रुपए उधार चढ़ गए थे। आरोप है कि दो दिन पूर्व शाम के समय वह मुस्तजर से उधार की रकम मांगने उसके घर गया तो वह और उसके भाई सालिम ने गाली-गलौज की। दोनों भाई मारपीट पर उतर आए।
इस दौरान सालिम ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया। जबकि मुस्तजर ने स्कूटी की डिक्की से तमंचा निकालकर फायर कर दिया। उसके गोली नहीं लगी तो मुस्तजर ने तमंचे की बट से उसके उसके मुंह पर हमला कर दिया। जिसमे उसके दो दांत टूट गए। शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे बचाया। पीड़ित की तहरीर पर टांडा कोतवाली में दोनों भाइयों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।