बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की रात हाईवे पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के लोगों को मारपीट करने के साथ ही उनकी कार पर पथराव कर दिया। इस दौरान कार क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कोतवाली ले गई। मंगलवार को दोनों पक्षों के मध्य आपसी समझौता वार्ता चलती रही।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिरसखेड़ा निवासी पलविंदर सिंह का पुत्र जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा के अनुसार वह अपने चाचा की कार से सोमवार की रात करीब 9 बजे किसी काम से मेरठ जा रहा था। कार में उसके साथ उसका दोस्त हरविंदर सिंह भी था। पलविंदर सिंह के अनुसार नगर में पहुंचने पर उनके पुत्र के पास किसी युवक का फोन आया। फोन आने के बाद रामपुर रोड पर दोनों पक्षों के युवक आपस में मिले और किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने उनके पुत्र व दूसरे युवक को मारापीटा तथा पथराव कर उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख दूसरे पक्ष के युवक भाग गए। इसके बाद पुलिस क्षतिग्रस्त कार को कोतवाली ले आई। मंगलवार को पूरे दिन दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता वार्ता चलती रही। कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह का कहना है कि दोनों पक्ष आपस में पंचायत कर रहे हैं, अगर दोनों पक्षों का समझौता नहीं होता है तब वह विधिवत कार्रवाई करेंगे।