सैफनी। थाना क्षेत्र के बैरुआ गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद ने अचानक तूल पकड़ लिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे और पथराव भी हो गया। मारपीट में गांव निवासी सुभान, रिजवान और बीच बचाव करने गांव के प्रधान पुत्र उबैद पाशा भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यह वाकया शुक्रवार शाम पांच बजे के समय का है। एक पक्ष के अकरम और दूसरे पक्ष के रिजवान मिस्त्री के बेटों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग भी विवाद में कूद पड़े, जिसके बाद दोनों में झड़प हो गई। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायलों को मेडिकल के लिए भेजा ग या है। संवाद