शाहबाद (रामपुर)। बेटे को दवा दिलाकर लौट रहे पिता की बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। इस में पिता की मौत हो गई जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
शाहबाद क्षेत्र के गांव सुहावा निवासी आबिद (24) मजदूरी करते है। बृहस्पतिवार को अपने बेटे समद को दवा दिलाने सीमावर्ती बरेली के सिरोली गए थे। तकरीबन ढाई बजे दोपहर को दवा दिलाकर वापस लौटते समय सुहावा गांव के निकट सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार जाने आलम ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार आबिद बुरी तरह से ज.ख्मी हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने आबिद को मृत घोषित कर दिया जबकि आबिद के बेटे के हल्की चोटें आई है। जाने आलम बरेली के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव मंडोरा के रहने वाले है। हरियाणा के सोनीपत से ईद करने के लिए जाने आलम और इनका भाई नाजिम घर जा रहे थे। जाते समय यह हादसा हो गया। हादसे के बाद घायल जाने आलम को भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। जबकि जानेआलम का भाई नाजिम मौका पाकर फरार हो गया। उधर सूचना के बाद पुलिस सीएचसी पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव रामपुर भेज दिया। सूचना के बाद आबिद के परिजन भी चीखते-चिल्लाते हुए सीएचसी पहुंच गए।