रामपुर। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि संकट से जूझ रहे किसानों को गेहूं खरीद में केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। सरकार ने गेहूं खरीद के नियमों में छूट दे दी है। जिसके बाद अब 80 प्रतिशत फीकी चमक वाले बेजान गेहूं की खरीद की जाएगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य 2125 रुपये प्रति क्विंटल से खरीद होगी।
जनपद में असमय बारिश के कारण गेहूं की फसल प्रभावित हुई। इससे किसानों को काफी नुकसान पहुंचा। सरकार ने किसानों को छूट देने के मकसद से टीम भेजकर गेहूं के दाने का आकलन कराया। बीते दिनों केंद्रीय टीम ने यहां दो मंडियों से गेहूं के नमूने लिए और जांच को भेज दिए। इसके आधार पर अब सरकारी खरीद में छूट देने का निर्णय लिया है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी डॉ. अनुपम कुमार निगम ने बताया कि 6 प्रतिशत तक सिकुड़ा और टूटा हुआ गेहूं खरीदा जाएगा। इससे ऊपर 8 प्रतिशत पर 5.31 रुपये, 8 से 10 प्रतिशत पर 10.62 रुपये, 10 से 12 प्रतिशत पर 15.93 रुपये, 12 से 14 प्रतिशत पर 21.25 रुपये, 14 से 16 प्रतिशत पर 26.56 रुपये, 16 से 18 प्रतिशत पर 31.87 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से कटौती की जाएगी। गेहूं में 10 प्रतिशत तक नमी पर कोई कटौती नहीं की जाएगी। इससे अधिक 80 प्रतिशत तक नमी वाले गेहूं पर प्रति क्विंटल एक चौथाई की कटौती होगी।