रामपुर। सिपाही भर्ती परीक्षा में रविवार को सॉल्वर पकड़े जाने से पहले भी जिले में कई परीक्षाएं दागदार हो चुकी हैं। जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ ही बोर्ड परीक्षा में भी सॉल्वर सेंध लगाने का प्रयास कर चुके हैं। हालांकि, पुलिस सॉल्वरों को गिरफ्तार कर उनके मंसूबों पर पानी फेर चुकी है।जिले में शांतिपूर्ण व नकलविहीन परीक्षा कराना चुनौती बन रहा है। कुछ साल पहले रामपुर में सीआरपीएफ की भर्ती की परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें भर्ती के नाम पर ठगी करने के मामले सामने आए थे। उस वक्त सीआरपीएफ कैंपस में परीक्षा का आयोजन किया गया था। फिजिकल के दौरान पुलिस को गेट के बाहर से सड़क किनारे नशीली दवाओं के इंजेक्शन मिले थे। पुलिस ने भर्ती के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया था।
इसके अलावा सीआरपीएफ की लिखित परीक्षा के दौरान भी कन्या इंटर काॅलेज से दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए एक युवक को कोतवाली पुलिस ने पकड़ा था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गइ थी। प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ ही यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को भी दागदार किया जा चुका है। दो साल पहले यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान सैफनी में भी एक परीक्षार्थी को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया था। इसके अलावा दढ़ियाल क्षेत्र में भी एक परीक्षार्थी के स्थान पर दूसरा परीक्षार्थी पकड़ा जा चुका है। इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा चुकी है।
-
सॉल्वर से कैसे मिला अभ्यर्थी, तलाश में जुटी पुलिस
रामपुर। बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के ग्राम खुरीप्रासा का रहने वाला सॉल्वर दिलीप कुमार यादव शाहबाद निवासी युवक के संपर्क में कैसे आया, पुलिस इसकी तलाश में जुटी है।
शनिवार को जिले में सिपाही भर्ती परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई थी, लेकिन रविवार को राजकीय इंटर काॅलेज धमोरा में चेकिंग टीम ने बिहार के एक सॉल्वर को पकड़ लिया। पकड़ा गया सॉल्वर दिलीप कुमार यादव शाहबाद के मोहलिया गांव निवासी राजीव कुमार के स्थान पर परीक्षा देने के लिए पहुंचा था। दिलीप इस समय दिल्ली के मुखर्जीनगर में रह रहा है। ऐसे में दिलीप और राजीव की मुलाकात कैसे हुई, दोनों के बीच सौदेबाजी किसने कराई। परीक्षा पास कराने के लिए दोनों के बीच कितने रुपयों में समझौता हुआ था, पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि सॉल्वर को गिरफ्तार किया जा चुका है। उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अभ्यर्थी राजीव को भी पकड़ लिया जाएगा। उसके बाद ही पूरे मामले का पर्दाफाश होगा।