रामपुर। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर हर कोई उत्साहित दिखाई दे रहा है। मत का प्रयोग कर अपने मन का सांसद चुनने के लिए सभी की अभिलाषा है। चुनावी सरगर्मियां तेज होते ही नुक्कड़ों, चाय के होटलों और ढाबों पर प्रत्याशियों पर चर्चा और हार जीत के कयास लगने लगे हैं। वार्ड- 15 स्टेट बैंक कॉलोनी में चाय के खोखे में स्थानीय लोग लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा कर रहे थे। बोले विकास चाहिए तो किसी को युवाओं को तरक्की की दिशा देने वाला सांसद चाहिए। उनका सांसद विकास के पथ पर चलकर तरक्की का रास्ता दिखाने वाला होना चाहिए।
क्या कहते हैं लोग -
-
वार्ड नंबर 15 में स्टेट बैंक हाऊस के पीछे कॉलोनी में अरसा हो गया लेकिन अभी तक रोशनी नहीं आई है। स्ट्रीट लाइट यहां पर नहीं लग सकी है। जो भी सांसद आए वह अपने मोहल्लों से शुरूआत करें और फिर शहर का विकास करे।
-नितिन अग्रवाल
-
एक युवा को सिर्फ इतना ही चाहिए कि उसके हाथ खाली न रहें। एक अच्छी नौकरी मिल सके और वह अपने परिवार का गुजारा कर सकें। मुझे रोजगार दिलाने वाला सांसद चाहिए, मेरा वोट उसी को जाएगा।
-मोहसिन रजा
-
सड़कों का हाल बद से बदतर है, जिधर भी निकलों वहां पर गडढे और खुदाई पड़ी हुई है। नगर पालिका वाले सड़कें खोद जाते हैं फिर महीनों वहां पानी भरता है। सांसद ऐसा हो जो विकास कराएं।
-अब्दुल रऊफ
स्वास्थ्य सेवाएं बेहद लचर हैं। आयुष्मान कार्ड लोगों के नहीं बन पा रहे हैं। इसमें कई दिन लग रहे हैं तो कभी कभी चक्कर काट कर थक जाते हैं, लेकिन काम नहीं हो पाता है। सांसद ऐसा जो स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ करे।
-विनय
-