रामपुर। ईद के त्योहार को लेकर बाजार में भीड़ उमड़ रही है। इस बीच बाजार के अंदर बेतरतीब घुसकर ई-रिक्शा खलल डाल रहे हैं। जिससे लोग घंटों जाम के झाम में फंस रहे हैं। रूट के निर्धारण के बावजूद ई-रिक्शा तंग गलियाें तक घुसकर समस्या खड़ी कर रहे हैं। हालांकि इन तंग बाजारों में पुलिसकर्मी बैरियर पर बैठाए गए हैं, इसके बाद भी ई-रिक्शा प्रवेश कर रहे हैं। ईद के त्योहार को लेकर बाजार सज चुका है। खाने-पीने की चीजों के साथ पोशाकें और घर की सजावट आदि के बाजार में भी भीड़ जुट रही है। शादाब मार्केट, मिस्टनगंज, नसरुल्ला खां बाजार, पुराना बाजार समेत आसपास कई इलाकों में सजे बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। लोग रेडीमेड गारमेंट, टैक्सटाइल की दुकान के साथ खानपान की खरीदारी हो रही है। कई जगह बाजारों पहुंचने के रास्ते काफी तंग हैं, इन तंग रास्तों में लोगों की बाइकें और कारें फंस रही हैं। लेकिन सबसे अधिक चालक नियमों को तोड़कर अपने ई-रिक्शा दौड़ा रहे हैं।
-
ई-रिक्शा चालकों का रूट निर्धारित किया गया है। यदि कोई ई-रिक्शा अपने निर्धारित रूट पर नहीं चलते मिले तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
-राजेश श्रीवास्तव, एआरटीओ, रामपुर