रामपुर। हल्द्वानी में हुए बवाल के बाद अभी हालात सामान्य नहीं हो सके हैं। अभी वहां आवाजाही बंद है। इसका प्रभाव रामपुर पर पड़ रहा है। जिले से हल्द्वानी को जाने वाली 17 बसों में से रविवार को सिर्फ छह बसों का संचालन हुआ। ये बसें भी रुद्रपुर तक ही गईं। जो बसें गईं उनमें भी काफी सीटें खाली थीं। वहीं ट्रेनें भी हल्द्वानी स्टेशन पर नहीं रुक रही हैं। ट्रेनों का ठहराव लालकुआं के बाद सीधे काठगोदाम में हो रहा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।रामपुर रोडवेज डिपो से प्रतिदिन रुद्रपुर-हल्द्वानी के लिए 17 बसों का संचालन होता है। हल्द्वानी में हुए बवाल के बाद से वहां कर्फ्यू लगा है। ऐसे में वहां के लिए सवारियां नहीं मिल रही हैं। सुरक्षा को देखते हुए बसें भी रुद्रपुर से ही लौटाई जा रही हैं। जिन लोगों को इमरजेंसी में हल्द्वानी जाना पड़ रहा है, वे भी रुद्रपुर में बसों से उतरकर टेंपो के सहारे आगे का सफर कर रहे हैं।
सवारियां न मिलने से रोडवेज को नुकसान हो रहा है। वहीं निजी बसें पूरी तरह से ठप हो गई हैं। वहीं हल्द्वानी के लिए ट्रेनों की स्थिति भी सामान्य नहीं हो सकी है। अभी ट्रेनें को लालकुआं होते हुए सीधे काठगोदाम भेजा जा रहा है। हल्द्वानी में ट्रेनों को नहीं रोका जा रहा है।
हल्द्वानी स्टेशन पर नहीं रुकीं ट्रेनें15043-लखनऊ से काठगोदाम को जाने वाली ट्रेन लालकुआं से हल्द्वानी स्टेशन पर न रुककर सीधे काठगोदाम तक चली।
14120-देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस भी लालकुआं से काठगोदाम तक चली।
13019-हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस लालकुआं से सीधे काठगोदाम गई।
12040-नई दिल्ली-काठगोदाम एक्सप्रेस भी लालकुआं से काठगोदाम गई।
15044-काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस लालकुआं होते हुए गई। हल्द्वानी में नहीं रुकी।
14119-काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस लालकुआं से होकर देहरादून को निकली।
13020-काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस लालकुआं से होकर सीधे हावड़ा को निकली।
वर्जन :-
हल्द्वानी की ज्यादा सवारियां नहीं है, लेकिन बसों को चलाया जा रहा है। रुद्रपुर तक की सवारियां मिल रही है। सवारियों में कमी के चलते राजस्व पर असर पड़ा है।
-दीपचंद्र जैन, एआरएम, रामपुर डिपो
-