रामपुर। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत डीएम एकादश ने गोल्डन क्रिकेट क्लब को 23 रन से हरा दिया।
जिला खेल कार्यालय की ओर से शहीदे आजम स्पोर्टस स्टेडियम बमनपुुरी में खेली जा रही सीनियर बालक क्रिकेट प्रतियोगिता का नवां मैच रविवार को डीएम एकादश और गोल्डन क्रिकेट क्लब के मध्य खेला गया। गोल्डन क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। डीएम एकादश ने पहले बल्लेेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 160 रन बनाए। जिसमें डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने शानदार 28 रन बनाए। हेमराज ने 10 रनों का योगदान दिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी गोल्डन क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर मात्र 137 रन ही बना सकी। गोल्डन क्रिकेट क्लब की तरफ से शाहनवाज राणा ने शानदार बल्लेबाजी की। फिर भी टीम लक्ष्य को प्राप्त न कर सकी। डीएम एकादश के अंकित को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन आफ दा मैच का पुरस्कार दिया गया। अंपायर अमित सक्सैना और नरेंद्र रहे। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार भी मौजूद रहे। आठवां मैच सोमवार को सेवा क्रिकेट क्लब और पायनियर क्रिकेट क्लब के मध्य खेला जाएगा।