रामपुर। सीबीएसई और यूपी बोर्ड के 10वीं व 12वीं के जिला टॉपर एक-एक दिन के लिए विधायक बनेंगे और जनता की समस्याएं सुनकर उन्हें दूर कराएंगे। भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं के नजरिये में सकारात्मक बदलाव आएगा। सशक्त लोकतंत्र के लिए राजनीति में युवाओं की सहभागिता अहम है।सीबीएसई और यूपी बोर्ड की परीक्षा संपन्न होने के बाद अब परिणाम आने शुरू हो गए हैं। युवाओं की राजनीति के प्रति दिलचस्पी बढ़ाने के लिए शहर विधायक आकाश सक्सेना ने पिछले साल टॉपर को एक दिन का विधायक बनाने की मुहिम शुरू की थी। इस बार मुहिम को और व्यापक करते हुए शहर विधायक ने सीबीएसई के साथ ही यूपी बोर्ड के 10वीं व 12वीं के जिला टॉपर को एक दिन का विधायक बनाने का निर्णय लिया है।
शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा है कि आज राजनीति में युवाओं की रुचि कम होती जा रही है। नेताओं के प्रति उनका नजरिया अच्छा नहीं होता है। आज भी हमारे देश में कई ऐसे नेता हैं, जिन्होंने मिसाल पेश की हैं। समाज के हित में कई ऐसे कार्य किए हैं जो जीवन स्तर में बदलाव का कारण साबित हुए हैं।
युवाओं के नजरिये में बदलाव लाने के लिए टॉपर को एक-एक दिन का विधायक बनाया जाएगा। एक दिन एक विधायक के रूप में कार्य करने के बाद उन्हें महसूस होगा कि सार्वजनिक जीवन में प्रति दिन क्या-क्या नई चुनौतियां आती हैं और एक जनप्रतिनिधि होने के नाते वह किस तरह इन चुनौतियों को दूर करते हैं। हमारे लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए यह बहुत आवश्यक है। हमारा उद्देश्य सिर्फ इतना है कि युवा बढ़-चढ़कर राजनीति में प्रतिभाग करें और देश के विकास में अपना योगदान दें।