रामपुर। आयुष विभाग की ओर से 50 बेड का जिला आयुष अस्पताल बनेगा। इसके लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। अस्पताल में एक ही परिसर में आयुर्वेदिक, यूनानी, होम्योपैथिक उपचार की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही योग केंद्र भी बनेगा और आवश्यक उपकरण भी लगाए जाएंगे।
स्वास्थ्य सुविधा के लिए जिले के लिए एक और सौगात मिल गई है। राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत पहला 50 बेड का जिला आयुष अस्पताल का निर्माण होगा। इस अस्पताल का निर्माण होने से मरीजों को आयुर्वेद, यूनानी, व होम्यापैथी विधि से इलाज की सुविधा मिलेगी। यानि एक ही अस्पताल में अलग-अलग विधि से मरीजों को इलाज कराने में सहूलियतें मिलेंगी। जिला स्तरीय आयुष अस्पताल के लिए शहरी क्षेत्र से लगी हुई भूमि की तलाश हो रही है। यानि अधिकतम पांच किलोमीटर के दायरे तक जमीन मिलने पर भी अस्पताल के निर्माण की मंजूरी मिल जाएगी। 50 बेड के बनने वाले आयुष अस्पताल में न केवल मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की ही सुविधा मिलेगी बल्कि गंभीर मरीजों को भर्ती भी किया जाएगा।