रामपुर। लोकसभा चुनाव में बूथों पर व्यवस्थाएं चाक चौबंद हों इसके लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। अफसर बूथों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। सीडीओ ने बृहस्पतिवार को विकास खंड चमरौआ के फैजुल्लानगर, अलीनगर जागीर व अलीनगर जनूबी ग्रामों में प्राथमिक विद्यालयों में बनाए गए बूथों का निरीक्षण किया। कई बूथों पर साफ-सफाई न होने पर नाराजगी जताई और व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम फैजुल्लानगर के प्राथमिक विद्यालय में दो बूथ संख्या 307 व 308 की स्थिति व पेयजल, साफ-सफाई ठीक पाई। विद्यालय के सामने व पंचायतघर के बराबर में कूड़े का ढेर व गंदगी पाई गई। जिसकी सफाई कराने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए। ग्राम अलीनगर जागीर के प्राथमिक विद्यालय में बूथ संख्या 281 व 282 बनाए गए हैं। जहां कक्षों की स्थिति ठीक पाई गई।
ग्राम अलीनगर जनूबी के प्राथमिक विद्यालय में बूथ संख्या 309 एवं 310 बनाए गए हैं। कक्षों की दीवार पर बूथ संख्या, नाम आदि स्पष्ट रूप से अंकित नहीं है, जिसे पेंट से फिर से स्पष्ट लिखवाने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए। कक्ष में पंखे नहीं चल रहे थे, जिन्हें दो दिन में ठीक कराने के प्रधानाध्यापिका को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन व खंड विकास अधिकारी चमरौआ उपस्थित रहे।