कोसी में श्रद्धालुओं ने लगाई पावन डुबकी
रामपुर। कार्तिक पूूर्णिमा के मौके पर कोसी नदी पर तट पर आस्था का सैलाब उमड़ा पड़ा। परंपरा और आस्था का अटूट संगम घाट पर देखने को मिला। लोगों ने स्नान कर आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने अपने बच्चों के मुंडन संस्कार कराए और भव्य मेले का आयोजन भी किया गया। जिसमें बच्चों ने लुत्फ उठाया। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने मौका मुआयना कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सुबह तड़के करीब पांच बजे से कोसी घाट पर भीड़ जुटने लगी। इस दौरान सबसे पहले श्रद्धालुओं ने स्नान से पहले आरती उतारी और दीयों को नदी में प्रवाहित किया। इसके बाद लोगों ने नदी में गंगा स्नान करने के लिए डुबकी लगाई। धीरे-धीरे धूप तेज हो गई और लोगों की भीड़ बढ़ने लगी। रामपुर के अलावा बिलासपुर और इससे सटे अन्य ग्रामीण इलाकों सें लोग यहां स्नान और संस्कार करने के लिए आए। इस दौरान महिलाओं के लिए खास व्यवस्था की गई थी। यहां पर महिलाओं के लिए अलग से घाट बनाए गए थे। जहां महिलाओं ने गंगा स्नान किया। इस दौरान लोगों ने बच्चों के मुंडन संस्कार और अन्य क्रियाकलाप होते रहे। श्रद्वालुओं ने घाट पर सामूहिक रूप से भी आरती पाठ किया। यहां एक विशाल मेला लगाया गया था। जिसमें बच्चों को खेल तमाशों ने लुभाया। चाट-पकौड़ी का बच्चों ने आनंद लिया। इस बीच भीड़ बढ़ता देख पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और मेले में हो रही गतिविधियों को लेकर भ्रमण किया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने मेले की जानकारी ली और पुलिस कर्मियों के साथ पूरे मेले में भ्रमण किया।
अस्थायी पुल को हटाया
पुलिस प्रशासन ने बढ़ती भीडृ को देखते हुए पटलों और बांस की बल्लियों से बनाया गया अस्थाई पुल हटा दिया। भीड़ के दबाव से पुल टूटने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में पुलिस ने पुल को बंद कर दिया। लोगों को दो अस्थाई रास्ते बनाए गए थे जिनसे उनको निकाला गया। संवाद
गंगा स्नान में युवाओं ने ली सेल्फी
मेले में भारी भीड़ उमड़ने के साथ ही इस बार युवाओं में गंगा स्नान को लेकर काफी क्रेज दिखाई दिया। यहां युवाओं और महिलाओं ने पानी के बीच खड़े होकर सेल्फी ली। वहीं पूरे घाट की वीडियो भी बनाई।संवाद
फूल बेचने वालों की लगी लाइन
रामपुर। कोसी घाट के किनारे संस्कारों में चढ़ाने के लिए फूल बेचने वाले लगे रहे। यहां भीड़ ने पूजन-अर्चन के लिए फूल खरीदे। इस दौरान कम से कम घाट पर 12 फूल और पूजन सामग्री बेचने के लिए दुकानदार लगे रहे। संवाद
पुलिस व्यवस्था रही चाक-चौबंद
कोसी घाट पर उमड़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस अलर्ट रही। चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात रही और लगातार कांबिंग करती रही। वहीं संदिग्धा दिखने पर लोगों से पूछताछ भी की। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ गंगा स्नान कराया।