रामपुर। डीएम जोगिंदर सिंह ने ग्राम पंचायत अलीपुर ठेका में विकास कार्य कराने के लिए तीन ग्राम पंचायत सदस्यों की एक समिति का गठन किया है। अब ग्राम पंचायत के विकास कार्य उक्त समिति की देखरेख में होंगे।खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत अलीपुर ठेका के लोगों ने विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत डीएम से की थी। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराई गई और जांच के दौरान आरोप सही पाए गए। ऐसे में डीएम ने ग्राम प्रधान के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों को सीज कर दिया था।
इसके बाद ग्राम पंचायत सदस्यों की बैठक कराकर बहुमत के आधार पर तीन सदस्यीय समिति के नाम का प्रस्ताव पारित हुआ। इसमें सर्वसम्मति से ग्राम पंचायत सदस्य फहीम जहां पत्नी मोहम्मद आलम, सतनाम सिंह पुत्र हरबंस सिंह, मोहम्मद हफीज पुत्र नफीस अहमद को समिति का सदस्य मनोनीत किया गया।
डीएम ने डीएससी व अन्य भुगतानों आदि के लिए तीन सदस्यीय समिति को अधिकार देते हुए अग्रिम आदेशों तक विकास कार्यों के संपादन का कार्य करने के निर्देश दिए। बीडीओ ने बताया कि अब अलीपुर ठेका ग्राम पंचायत के विकास कार्यों का संपादन समिति द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा अग्रिम व्यवस्था होते ही यह आदेश स्वयं ही समाप्त हो जाएगा। डीपीआरओ ने बृहस्पतिवार को उक्त समिति सदस्यों को उनके दायित्वों की जिम्मेदारी सौंप दी।