मिलक। घर से खेत के लिए निकला युवक देर शाम तक घर वापस नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े। परिजन तलाश करते हुए खेत पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि खेत में युवक का शव पड़ा हुआ था। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शुरुआत में परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया लेकिन, पुलिस ने वार्ता कर परिजनों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना मिलक कोतवाली क्षेत्र के परम गांव की है। गांव निवासी अंशु (24) शनिवार दोपहर को अपने खेत पर लगी धान की फसल को देखने गए थे। देर शाम तक जब वह वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों को उनकी चिंता होने लगी। इस पर ग्रामीणों के साथ परिजन उन्हें ढूंढते हुए खेत पर पहुंच गए। धान के खेत में अंशु का शव पड़ा हुआ था। शव पड़ा देख परिजनों के होश उड़ गए और परिजनों में कोहराम मच गया। इस दौरान सूचना पर पुलिस गांव पहुंच गईं। जानकारी के अनुसार मृतक का एक भाई मंदबुद्धि है और उसके पिता की मौत हो चुकी है। मृतक अपने पीछे मां को छोड़ गया है। कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया लगता है कि मृतक ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। उसके परिजन ने पीएम कराने से इंकार कर दिया था। लेकिन, बाद में वह पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हो गए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।