रामपुर। विधायक अब्दुल्ला आजम के करीबी माने जाने वाले अनवार और सालिम का कस्टडी रिमांड मंगलवार को कोर्ट ने मंजूर कर लिया है। बुधवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक के लिए रिमांड मंजूर किया है। पुलिस उनको रिमांड पर लेकर उनकी निशानदेही पर बरामदगी कराएगी। फिलहाल दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया है।
जुआ खेलने के आरोप में पुलिस ने अनवार और सालिम को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया था। उसके बाद उनकी निशानदेही से जौहर यूनिवर्सिटी से सफाई मशीन बरामद हुई थी। पुलिस ने इस मामले में आजम खां, अब्दुल्ला आजम समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसमें अनवार और सालिम को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने दोनों को सोमवार को भी कस्टडी रिमांड पर लिया था। उनकी निशानदेही पर मंगलवार को जौहर यूनिवर्सिटी में लिफ्ट के कमरे में छिपाकर रखी गईं किताबें बरामद की गईं हैं। दोनों की रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस ने उनको कोर्ट में पेश किया और थाना गंज में दर्ज राजकीय ओरियंटल कॉलेज (मदरसा आलिया) से किताब चोरी के मुकदमे में रिमांड की मांग की। पुलिस ने अपने प्रार्थनापत्र में कहा कि आरोपियों ने चुराई गई किताबों को बरामद कराने की बात कही है। उनको पुलिस रिमांड पर दिया जाए जबकि बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने पुलिस के प्रार्थनापत्र का विरोध किया। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद एमपी-एमएलए (मजिस्ट्रेट ट्रायल) कोर्ट ने अनवार और सालिम की पुलिस रिमांड मंजूर कर लिया। अभियोजन अधिकारी अमर तिवारी के मुताबक कोर्ट ने अनवार और सालिम की पुलिस रिमांड बुधवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक लिए मंजूर की है।