शहजादनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने सोमवार रात सर्राफा समेत दो दुकानों के शटर तोड़कर लगभग नौ लाख का सामान चोरी कर लिया। दिन निकलने पर चोरी का पता चला। जानकारी मिलने पर दो दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। तहरीर पुलिस को दी गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। कोतवाली थाना क्षेत्र के कैथ वाली मस्जिद निवासी संजय कुमार रस्तोगी की शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव मिलक मोहम्मद बख्श में ज्वैलरी की दुकान है।
सोमवार रात चोरों ने दुकान को निशाना बना लिया। चोरों ने शटर में बल्ली डालकर उसको उठा दिया और अंदर घुस गए। संजय रस्तोगी के मुताबिक चोर उनकी दुकान से छह किलो चांदी और डेढ़ सौ ग्राम सोना समेट कर ले गए। चोरों ने सर्राफ की दुकान के साथ-साथ उसके पड़ोस में स्थित रेडीमेड गारमेंट की दुकान को भी निशाना बना लिया। चोर ताले तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए और लगभग एक लाख का माल समेट ले गए।
इसके बाद चोरों ने एक मोबाइल शाप के ताले तोड़ने की कोशिश की, लेकिन आहट हो गई। वहां से गुजर रहे मजदूरों पर चोरों ने फायरिंग भी की। मंगलवार की सुबह आसपास के लोगों ने दुकानों का शटर खुला देखा। दोनों दुकानदारों को जानकारी दी गई। सर्राफ ने जब दुुुकान के अंदर प्रवेश किया, तो सोना और चांदी गायब थी। ये देखकर उसके होश उड़ गए। रेडीमेड की दुकान से भी करीब एक लाख का माल गायब था। सूचना के बाद पुलिस भी वहां पर पहुंच गई।