शराब के नशे में एक राजमिस्त्री ने रविवार की रात पत्नी की पिटाई कर दी। इससे नाराज पत्नी बच्चों को लेकर मोहल्ले में ही मायके में चली गई। इससे क्षुब्ध राजमिस्त्री ने घर के बरामदे में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उधर, कार्रवाई से बचने के लिए परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव कल्यानपुर निवासी होरी लाल सागर का पुत्र नौबतराम 40 वर्ष केमरी के मोहल्ला चमारान स्थित ससुराल में मकान बनाकर आठ वर्ष से रह रहा था। परिवार में पत्नी सर्वेश देवी और चार बच्चे हैं। वह राजमिस्त्री का काम करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था।
रविवार की रात वह करीब नौ बजे वह शराब के नशे में अपने घर पहुंचा। इस दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इस दौरान उसने पत्नी की पिटाई कर दी। इससे नाराज सर्वेश अपने चारों बच्चों को लेकर मोहल्ले में ही मायके चली गई। नौबतराम घर में अकेला रह गया।
सुबह छह बजे सर्वेश बच्चों के साथ घर पहुंची तो मकान अंदर से बंद था। उसने दरवाजे खुलवाने की कोशिश की, मगर नहीं खुली। इस दौरान मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए। वहीं कुछ लोग छत के जरिए मकान में घुसकर दरवाजा खोली तो अंदर बरामदे में राजमिस्त्री का शव छत की बल्ली में लटक रहा था।
उसके गले में पत्नी की साड़ी का फंदा लगा हुआ था। बाद में मौके पर पहुंचे लोगों ने शव को बल्ली से उतारा। इसके बाद परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव को मूल निवासी कल्यानपुर ले गए, जहां शाम को उसका संस्कार करना बताया गया है। युवक की मौत से पूरे घर में कोहराम मचा हुआ है। उधर, केमरी थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।