रियाल, दीनार कमाने का लालच देकर ठगने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दुबई में बढ़िया नौकरी के लिए वीजा देने के नाम पर चौदह युवकों से दस लाख रुपये की ठगी करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस उससे ठगी के इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। पकड़ा गया युवक दिल्ली निवासी बताया जा रहा है।
बताते चलें कि पिछले दिनों अमर उजाला ने विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी के शिकार लोगों की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित कीं। पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी ने ऐसे ठगों पर नकेल कसने के लिए पुलिस की टीमें लगाईं। सोमवार को एक टीम के हत्थे ऐसा ही एक ठग हत्थे चढ़ा है।
इस ठग ने शहर रामपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बाग छोटे मियां निवासी अपने रिश्तेदार शमद खां के घर आकर ठगी का जाल फैलाया था। शमद खां के 14 दोस्तों को दुबई में बेहतरीन नौकरी के लिए अपने पास वीजा होने का झांसा दिया था और उनसे 10 लाख ठग लिये थे।