गंज थाना क्षेत्र में दो पक्षों में मारपीट की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर ही आरोपियों फायर झोंक दिया। हालांकि हमले में सिपाही बाल-बाल बच गया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गंज थाना क्षेत्र के बजरिया खानसामा निवासी सलीम के बेटे सलमान का पास के ही रहमान से शुक्रवार शाम विवाद हो गया। आरोपी लोगों ने सलमान को एक कमरे में बंद कर दिया था।
इसके बाद रहमान और सलीम पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। हंगामा खड़ा हो गया। सूचना के बाद गंज थाने में तैनात सिपाही अलकान आलम और सतवीर मौके पर पहुंचे। लोगों को शांत कराना शुरू किया। आरोप है कि इस दौरान रहमान ने सिपाही अलकान पर तमंचे से फायर झोंक दिया, हालांकि सिपाही बाल-बाल बच गया। आरोपी फरार हो गए।
बाद में पहुंची फोर्स ने आरोपियों को तलाशना शुरू किया, लेकिन वो हत्थे नहीं चढ़े। सिपाही अलकान की तहरीर पर रहमान, दानिश, अजीम और शहनवाज के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।