फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम से झड़प, हंगामा

Tue, 20 Oct 2015 11:09 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला टांडा
विज्ञापन
विज्ञापन
मोहल्ला राहूपुरा स्थित मछली बाजार से मंगलवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची पालिका टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। मछुआरों ने जमीन को अपना बताकर जमकर हंगामा किया। मछुआरों की पुलिस और अधिकारियों से जमकर झड़प हुई। महिलाओं ने नैनीताल रोड पर जाम लगाकर जमकर नारेबाजी की। लोगों ने पालिकाध्यक्ष का पुतला भी फूंका।
विज्ञापन



भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटा दिया गया। मोहल्ला राहूपुरा में मछली बाजार है। मंगलवार दोपहर साढ़े 11 बजे एसडीएम योगराज सिंह, सीओ स्वार शुएब इकबाल, पालिका की टीम, पुलिस और पीएसी के साथ यहां पहुंची और अतिक्रमण हटाना शुरू किया। शुरू में पुलिस बल को देखकर लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।


जैसे ही मछुआ समाज के लोगों की संख्या बढ़ी, लोग विरोध करने लगे। पुलिस और मछुआरों के बीच जमकर झड़पें होने लगीं। विरोध में महिलाएं भी मैदान में आ गईं। महिलाओं को संभालने में महिला पुलिस को बुलाना पड़ा। कई बार भगदड़ और पुलिस से धक्का-मुक्की हुई। दोपहर एक बजे महिलाओं और युवकों ने सदर बाजार पहुंचकर नैनीताल रोड पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन



कुछ युवकों ने दुकानों में भी तोड़फोड़ का प्रयास किया। इसके कारण आनन फानन में बाजार बंद हो गए। लोगों ने पालिकाध्यक्ष का पुतला भी फूंका। देर शाम तक हंगामा जारी रहा। हालांकि भारी पुलिस बल के सामने लोगों की नहीं चली और टीम ने अतिक्रमण हटा कर यहां बैरिकेडिंग कर दी।


मोहल्ला राहूपुरा में मछली बाजार है। ये जमीन राजस्व अभिलेखों में आबादी में और पालिका में ओपन लैंड में दर्ज है। पालिका इस दो बीघा खाली पर शापिंग कांप्लेक्स बनाने का प्रस्ताव कर चुकी है। यहां काफी समय से मछली बाजार लगता चला आ रहा है। मछुआ समाज के लोग इस भूमि को अपनी बताते हैं। 15 वर्ष पहले भी भूमि के स्वामित्व को लेकर पालिका और मछुआ समाज के लोगों में टकराव हो चुका है।


एसडीएम और सीओ स्वार की पहल पर थाना परिसर में विवाद सुलझाने के लिए पालिकाध्यक्ष और मछुआ समाज के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई जो बेनतीजा रही। नगर में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस देर शाम तक जाम खुलवाने के प्रयास में लगी थी। पालिकाध्यक्ष शहाबुद्दीन गौरी ने मछुआरों को वैकल्पिक स्थान देने की पेशकश की।


मछुआ समाज के प्रतिनिधि भूमि को अपना बताते हुए राजी नहीं हुए। कुछ लोगों ने पालिकाध्यक्ष से इसी भूमि का कुछ भाग मछुआरों को देने पर विचार करने का अनुरोध किया। पालिकाध्यक्ष ने इंकार कर दिया। इसके बाद मछुआ समाज के प्रतिनिधि बैठक का बहिष्कार कर चले गए।


छह घंटे से अधिक समय तक नैनीताल रोड पर जाम लगने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, जाम के दौरान कुछ युवकों के दुकानों में तोड़फोड़ करने की कोशिश से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। मछली बाजार खाली कराने पहुंची पालिका टीम के विरोध में उपद्रव जैसा माहौल रहा।


भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बाजार तो खाली करा लिया गया, लेकिन विरोध में लोगों ने नैनीताल रोड पर सदर बाजार में जाम लगा दिया। देर शाम छह बजे तक जाम लगने से नैनीताल और मुरादाबाद की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम लगाने वाले कुछ युवकों के दुकानों में तोड़फोड़ की भी कोशिश की। इससे व्यापारियों ने दहशत में दुकानें बंद कर दीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें