रामपुर। ज्वाला नगर में शनिवार की रात 10- 12 युवकों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। इस दौरान जमकर उत्पात मचाया। उत्पाती युवकों ने तीन घरों में तोड़फोड़ की साथ ही कारों को भी निशाना बनाया। युवकों ने राहगीरों के साथ भी मारपीट की,जिससे अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। लोगों ने युवकों को घेरने की कोशिश की,लेकिन वे लोग मौके से भाग खड़े हुए। घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है,जिसके बाद पुलिस ने मामले अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ज्वाला नगर में शनिवार की रात करीब दस बजे 10-12 युवक ज्वाला नगर सब्जी मंडी से हंगामा करते हुए सीआरपीएफ रोड की तरफ मुड़ गए। युवक पहले सड़क पर गाली-गलौज करते हुए निकले और फिर इसके बाद युवकों ने बंद दुकानों के शटर पर पत्थर मारने शुरू कर दिए। सीआरपीएफ रोड पर इमामबाड़ा के पास युवकों ने साइकिल सवार युवक को निशाने पर ले लिया और जमकर पीटा। युवकों से बचकर साइकिल सवार साइकिल छोड़कर भाग गया। इसके बाद कालोनी की अन्य गलियों में भी युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने इस दौरान कई घरों पर भी पत्थर मारे गए,जिससे घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। इसके साथ ही युवक गाली गलौज करते रहे। युवकों ने यहां पर अशोक के घर में तोड़फोड़ की। साथ ही शिव मंदिर के पास स्थित संजीव की कार के शीशे तोड़ दिए। इसके साथ ही एक अन्य साइकिल सवार को भी युवकों ने पीट दिया। युवकों के इस उत्पात से कालोनी में दहशत का माहौल पैदा हो गया। युवकों की इस हरकत के बाद तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले युवक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इस मामले में संजीव कुमार की ओर से अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई है,जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।