शाहबाद (रामपुर)। रविवार की दोपहर एक युवक ने मिट्टी का तेल (केरोसिन) छिड़ककर आत्मदाह कर लिया। युवक के मिट्टी का तेल छिड़ककर आत्मदाह कर लेने से घर में कोहराम मच गया है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के धुरियाई गांव निवासी सोमवीर (30) ने रविवार को सुबह हंगामा करते हुए मां और अपनी पत्नी को पीटने लगा। तंग आए परिजन घर से बाहर निकल आए। दोपहर के उसने ने घर में रखी मिट्टी के तेल का डिब्बा निकालकर अपने शरीर पर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया और माचिस की तीली जलाकर अपने शरीर में आग लगा ली। शरीर में आग लगते ही वह चीखता हुआ घर से बाहर आ गया लेकिन सोमवीर के शरीर पर लगी आग को कोई भी बुझाने का साहस नहीं कर सका। कुछ ही देर में जलता हुआ सोमवीर घर के बाहर सड़क पर गिर गया। सोमवीर के गिरने के बाद जब ग्रामीणों ने उसके शरीर में लगी आग को बुझाया। तब तक उसकी मौत हो गई। सोमवीर की जलकर मौत हो जाने से उसके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।मृतक अपने पीछे तीन बच्चे छोड़ गया है। युवक के आत्मदाह कर लेने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर जा पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आग लगाने की वजह पता की जा रही है।