रामपुर। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 के अंतर्गत जनपद में राजनीतिक दलों द्वारा सभा स्थल, लाउडस्पीकर, रैलियां आदि के लिए अनुमति हेतु आवेदन किए जा रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दी जा रही अनुमति को सुविधा पोर्टल पर भी अपलोड किया जाना आवश्यक है। सभी अनुमति आदेशों को सुविधा पोर्टल पर ऑनलाइन व ऑफ लाइन अपलोड किए जाने हेतु सहायक रिटर्निंग आफीसर को पोर्टल के आईडी और पासवर्ड एनआईसी के माध्यम से पूर्व में ही उपलब्ध कराए जा चुके हैं। नोडल अधिकारी निर्वाचन परमीशन और नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता ने समस्त सहायक रिटर्निंग आफीसर व उप जिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि राजनीतिक पार्टियों के प्राप्त आवेदन पत्रों पर निर्गत की जाने वाली अनुमति प्रतिदिन सुविधा पोर्टल पर अपलोड कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त सुविधा पोर्टल का प्रत्येक दिवस में अनुश्रवण भी कर लें। यदि कोई आनलाइन आवेदन प्राप्त होता है तो उसे अनिवार्य रूप से 24 घंटे के भीतर आवेदन पत्रों का निस्तारण भी कराएं। उन्होंने कहा कि इस कार्य हेतु नियुक्त, सम्बद्ध किए गए सहायकों के नाम और मोबाइल नंबर तथा प्रतिदिन निर्गत आदेशों की प्रति नोडल अधिकारी निर्वाचन परमीशन व नगर मजिस्ट्रेट के कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।