हाईवे पर गेहूं से भरा ट्रक लूट ले गए
रामपुर।
धमोरा स्थित एफसीआई गोदाम के बाहर हाईवे पर खड़े गेहूं से भरे ट्रक को तमंचे के बल पर बदमाश लूटकर ले गए। इस दौरान बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर चलते ट्रक से फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बदमाशों की तलाश शुरू की गई, लेकिन बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। ट्रक में दो सौ क्विंटल गेहूं भरा हुआ था। पुलिस ने चालक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लूटपाट की यह वारदात शहजादनगर थाना क्षेत्र के धमोरा स्थित भारतीय खाद्य निगम के गोदाम के पास की है। केमरी थाना क्षेत्र के गंगापुर कदीम गांव निवासी इकबाल ट्रक चलाता है। वह रात के वक्त केमरी के पिपलिया अल्लाह गांव स्थित क्रय केंद्र से दो सौ क्विंटल गेहूं भरकर ट्रक से धमोरा में एफसीआई गोदाम पर लेकर आया था। रात के वक्त ट्रकों की कतार लंबी होने की वजह से उसने अपना ट्रक हाईवे किनारे लगा दिया और फिर वह सो गया। बृहस्पतिवार की तड़के करीब साढ़े तीन बजे तीन बदमाश ट्रक में घुस आए और फिर बदमाशों ने ट्रक चालक को बंधक बना लिया। तमंचे के बल पर ट्रक चालक को अपने कब्जे में लेकर ट्रक स्टार्ट कर आगे ले गए। कुछ दूरी पर बदमाशों ने ट्रक चालक को चलते ट्रक से फेंक दिया और फिर बदमाश ट्रक को लेकर भाग गए। बाद में ट्रक चालक ने शोर मचाया, जिस पर कुछ लोगों ने उसे बंधनमुक्त कराया और फिर उसने घटना की जानकारी तड़के में ही पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शहजादनगर के साथ ही मिलक, सिविल लाइंस पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया और फिर चेकिंग शुरू कर दी गई। काफी खोजबीन के बाद भी लूटा गया ट्रक बरामद नहीं हो सका। इस बीच घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ.विपिन ताडा भी मौके पर पहुुंच गए। उन्होंने भी चालक से पूछताछ की। बाद में चालक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।