आनी की लझेरी पंचायत के डीम गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक मकान में अचानक आग लग गई। इससे दो मंजिला मकान के आठ कमरे जलकर राख हो गए। मकान में रखा सारा घरेलू और बहुमूल्य सामान आग की भेंट चढ़ गया। आग लगने का कारण तार की स्पार्किंग बताई जा रही है। अग्निकांड से लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।
मकान में जब आग लगी तो वहां परिवार को कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। स्थानीय वार्ड सदस्य गोपाल ने बताया कि लझेरी पंचायत के डीम निवासी ठाकुर दास के दो मंजिला लकड़ी के मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते मकान पूरी तरह से आग से जल गया। उन्होंने कहा कि आसपास गांव के सैकड़ों लोग आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे। लेकिन आग की लपटें इतनी भयानक थी कि इस पर काबू नहीं पाया जा सका। उधर, प्रशासन की ओर से तहसीलदार आनी देवेंद्र नेगी ने बताया कि टीम को मौके पर भेजा दिया है। अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को मुआवजा दिया जाएगा।