अमर उजाला ब्यूरो
सांगला(किन्नौर)।
जिला मुख्यालय रिकांगपिओ बस अड्डे के नजदीक एक निजी होटल के कमरे में जुआ खेलते हुए नौ लोगों को पुलिस ने धर दबोचा है। इन लोगों ने पुलिस ने 9,955 रुपये बरामद किए हैं।
रिकांगपिओ पुलिस के मुताबिक मंगलवार देर शाम को पुलिस की टीम गश्त पर थी। इस बीच किसी व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी कि बस अड्डे के पास जुआ चल रहा है। सूचना मिलते ही थाने से मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह, मुख्य आरक्षी सुनील, आरक्षी सोहन सिंह की टीम ने बस अड्डे के नजदीक होटल में दबिश दी। कमरे में जुआ खेल रहे नौ लोगों को पुलिस टीम ने 9,955 रुपये नकद राशि के साथ धर दबोचा। पुलिस टीम ने राम बहादुर, हरी बहादुर, सिंह लामा, कर्म लाल नेगी, कीर्तन कुमार नेगी, रमेश कुमार, विपिन कुमार नेगी, संजू राम, अमर सिंह को पुलिस की टीम ने जुआ खेलते हुए दबोचा है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी किन्नौर बीडी भाटिया ने कहा कि जिले भर में नियमों को ताक पर रखकर जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।