चिड़गांव तहसील के अंतर्गत गौंसारी में मंगलवार सुबह एक बोलेरो कैंपर दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे में चालक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बोलेरो कैंपर एचपी 63डी-3530 गौंसारी से चिड़गांव की ओर जा रही थी। इसी बीच जीप अचानक गौंसारी के पास ही गहरी खाई में लुढ़क गई।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत कार्य शुरू किया। जीप में एक मात्र चालक सवार था। हादसे में चालक गौंसारी निवासी राजू (32) पुत्र सेन राम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को खाई से बाहर निकाला। डीएसपी रोहड़ू मदन कांत शर्मा ने बताया कि हादसे में गाड़ी के चालक की मौत हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।