मिलक (रामपुर)।हाईवे पर पुलिस लिखी एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद कार सवार मौके पर भाग निकले।
कोतवाली क्षेत्र के किरा गांव निवासी बाइक सवार दिनेश कुमार अपनी रिश्तेदारी में कोतवाली क्षेत्र के खमरिया गांव में गए थे। सुबह वह बाइक से अपनी रिश्तेदार शिवानी (19) और मनु (4) के साथ वापस अपने घर पर जा रहे थे। बाइक सवार दिनेश नगलाउदई गांव के संपर्क मार्ग से होकर हाईवे पर वापस जा रहे थे। इस बीच लोहा गांव के पास पहुंचने पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें बाइक के परखचे उड़ गए और बाइक पर सवार उधर-उधर जाकर दूर जा गिरे। हादसे पर आसपास के ग्रामीण मदद को दौड़े और तीनों को पुलिस की मदद से रामपुर जिला अस्पताल भेजवाया जहां पर डाक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार सवार फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। हादसे की रिपोर्ट अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दर्ज कराई गई है। हादसे में शामिल कार पर पुलिस लिखा है। हादसे पर परिवार में कोहराम मचा है।