रामपुर। अवैध संबंधों के चलते युवक की गला काटकर हत्या कर देने के मामले में पुलिस ने रविवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
भोट थाना क्षेत्र के गांव सनैया सुख निवासी युुसूफ अली का आरोप था कि उसका बेटा मुबारक (23) 23 अगस्त को घर से पड़ोसी मुन्नवर के यहां जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह वापस नहीं आया। 25 अगस्त की रात को गांव के ही रहने वाले एक युवक ने उसको आकर सूचना दी कि मुबारक का शव जंगल में पड़ा है। यह सुनकर परिजनो के होश उड़ गए थे। सभी लोग एकत्र होकर वहां पर पहुंच गए थे। जहां उसके शव को देखकर रोना पीटना शुरु कर दिया था। बाद में पुलिस भी आ गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। उसकी पत्नी से अवैध संबंध होने की बात कहते हुए हत्या करने का आरोप लगाया था। उसी के आधार पर पुलिस ने पति पत्नी को शनिवार देर शाम को गिरफ्तार कर लिया था। जहां पूछताछ में महिला के पति ने अपने एक साथी का नाम और बताया था। उसके बाद पुलिस ने उसको भी गिरफ्तार कर लिया था। तीनों को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के यहां पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया।