महिला को अगवा कर दुष्कर्म करने के आरोप में तीन पर रिपोर्ट
भोट (रामपुर)।
घर से बाहर से महिला का अपहरण कर दिल्ली ले गए। वहां सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। भोट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का आरोप है कि 23 जून को जब वह पशुओं को चार डालने जा रही थी कि गांव के ही तीन लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। आरोपी उसे कार में बैठाकर रामपुर ले आए। यहां आने के बाद एक आरोपी कार से उतर गया। दोनों अन्य आरोपी उसको दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में ले गए जहां उसको एक कमरे में बंद कर दिया गया। रात होने पर दोनों आरोपी उसके साथ बलात्कार करते थे। महिला का कहना है कि एक दिन जब दोनों घर से बाहर चले गए तो वह किसी से तरह से वहां से भाग निकली और पास के एक घर में जाकर अपनी आपबीती सुनाई। वहां से उसने अपने परिजनों से संपर्क किया। सूचना पर परिजन दिल्ली पहुंच गए और उसे वापस ले आए। यहां आने के बाद उसने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई थी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा के निर्देश पर भोट थाना की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।