रुपये बदलने के फेर में किसान से बीस हजार की ठगी
शाहबाद (रामपुर)।
बैंक में रुपये निकालने पहुंचे किसान से रुपये बदलने के चक्क र में 20 हजार रुपये ठग लिए गए। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर के मुहल्ला मंगोली निवासी किसान रामबहादुर बुधवार दोपहर भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से रुपये निकालने आया था। उसने अपने बैंक खाते से 37 हजार रुपये निकाले। रुपये मिलने के बाद जैसे ही वह बैंक के काउंटर से हटा तो उसके पास में खड़े एक व्यक्ति ने उसे बड़े नोटों के बजाए छोटे नोट बदलने की बात कही। किसान ने सौ-सौ रुपये की दो गड्डी गिनने के लिए उस व्यक्ति के हाथ में पकड़ा दी और एक गड्डी किसान खुद गिनने लगा। जब सौ-सौ के नोटों की दो गड्डियां किसान ने उस व्यक्ति के हाथ में पकड़ा दी तो वह किसान से बोला कि जरा तुम मेरी बाइक की चाबी पकड़ना में खाने के लिए दुकान से गुटखा ले आऊं। किसान को ठगने वाला व्यक्ति बाइक की चाबी बताकर किसान को साइकिल की चाबी हाथ में थमा गया और पड़ोस में खड़ी बाइक पर बैठकर किसान के 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। गांव के दुकानदार ने जब किसान के हाथ में चाबी देखी तो बताया कि यह तो किसी की साइकिल की चाबी है। तब जाकर किसान को एहसास हुआ कि बाइक की चाबी बताने वाला आदमी उसके 20 हजार रुपये ठग ले गया। बाद में किसान कोतवाली पहुंचा। जहां उसने ठगी करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस बैंक पहुंची और वह सीसीटीवी कैमरे से ठगी करने वाले व्यक्ति की किसान से पहचान कराने के लिए शाम तक लगी रही।