रामपुर। सैफनी क्षेत्र के रवाना गांव के जंगल में गोतस्करी की फिराक में घूम रहे मुरादाबाद के थाना कुंदरकी क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी बहारे आलम की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान गोतस्कर के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार देर रात सैफनी थाना पुलिस क्षेत्र के बड़ा गांव चौराहे से आगे ग्राम दिव्यानंगला को जाने वाली सड़क पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान ग्राम दिव्यानंगला की ओर से एक व्यक्ति बुलेट से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो आरोपी बाइक की रफ्तार तेज कर ग्राम रवाना पट्टी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने फायरिंग कर दी। सैफनी थाना अध्यक्ष हरिओम सिंह ने जवाबी फायरिंग की तो गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी और वह बाइक समेत गिर पड़ा। आरोपी के पास से तमंचा, दो कारतूस और एक बाइक बरामद हुई। घायल गोतस्कर मुरादाबाद के कुंदरकी क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी बहारे आलम निकला। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गोतस्कर ने पुलिस को बताया कि वह रवाना गांव के जंगल में गोकशी का स्थान देखने आया था। सैफनी थाना अध्यक्ष हरिओम सिंह ने बताया कि गोतस्कर सुनसान इलाके में गोवंशीय पशुओं का वध करके मांस बेचने का काम करता है। आरोपी पर मुरादाबाद, संभल, औरैया और रामपुर के विभिन्न थानों में गोतस्करी समेत 20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।