रामपुर। सपा सांसद आजम खां से संबंधित और 11 मामलों में कोर्ट ने सीतापुर जेल प्रशासन से आजम खां की स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट मांगी है।
सपा सांसद आजम खां की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। आजम खां के खिलाफ कोर्ट में चल रहे मामलों में अब प्रक्रिया ने भी तेजी पकड़ ली है। सोमवार को अब्दुल्ला आजम खां के दो पैनकार्ड व दो जन्म प्रमाण पत्र मामलों को लेकर एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई थी। जिसके बाद आजम खां की कोर्ट में उपस्थिति को लेकर सीतापुर जेल प्रशासन से रिपोर्ट मांगी गई थी। इसके बाद मंगलवार को कोर्ट ने आजम खां से संबंधित 29 अन्य मामलों को लेकर भी सीतापुर जेल प्रशासन से उनकी स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट मांगी थी। वहीं बुधवार को अजीमनगर थाने में किसानों की जमीन कब्जाने के आरोप में दर्ज मामलों को लेकर भी कोर्ट ने आजम खां की स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट मांगी है। इन मामलों में भी आरोप तय होने की प्रक्रिया के लिए रिपोर्ट मांगी गई है। सहायक शासकीय अधिवक्ता रामऔतार सैनी ने बताया कि अजीमनगर थाना क्षेत्र के किसानों द्वारा जमीन कब्जाने के आरोप में दर्ज कराए गए आजम खां से संबंधित 11 मामलों में सीतापुर जेल प्रशासन से उनकी स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट मांगी है। अब इन मामलों की सुनवाई पांच अगस्त को होगी।