रामपुर। चोरी के कीमती आभूषण, नकदी व तमंचे के साथ पुलिस ने पति-पत्नी को फोटो चुंगी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दंपती को जेल भेज दिया है।
मामला सिविल लाइंस थानाक्षेत्र का है। दो जनवरी को वीपी कालोनी निवासी हरजीत सिंह के घर को चोरों ने निशाना बनाया था। चोर अलमारी से नकदी, जेवर चोरी कर फरार हो गए थे। पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि चोरी की इस घटना को एक दंपती ने अंजाम दिया है। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को फोटो चुुंगी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी कानों के टॉप्स सोने के, दो जोड़ी पायल चांदी की एवं 19,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही आरोपी पति के कब्जे से 12 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में रोहित वर्मा निवासी इन्द्रा कॉलोनी थाना कटघर जनपद मुरादाबाद एवं उसकी पत्नी प्रीति वर्मा शामिल हैं। दोनों पति पत्नी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।