रामपुर में सपा नेता आजम खान से मौलाना मोहम्मद अली जौहर प्रशिक्षण व शोध संस्थान वापस लिया जाएगा। मंत्री रहते आजम खान ने इसे लीज पर लिया था। अब इसका कांट्रैक्ट निरस्त कर दिया जाएगा। इस पर शासन ने एसआईटी से जांच कराई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है।
दरअसल, आजम खान ने सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहते मौलाना मोहम्मद अली जौहर प्रशिक्षण व शोध संस्थान को लीज पर लिया था। उन्होंने मात्र 100 रुपए में 33 साल के लिए इसका कांट्रैक्ट किया था। इसकी अवधि 33-33 साल के लिए दो बार बढ़ाई जा सकती है। इस निर्णय के बाद यह शोध संस्थान मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट हो गया था। इसके आजीवन अध्यक्ष आजम खां हैं। यह ट्रस्ट ही इस शोध संस्थान का संचालन करता है। इसमें वर्तमान समय में रामपुर पब्लिक स्कूल चल रहा है।
अब सरकार इस लीज पर लिए गए कांट्रैक्ट को निरस्त करने जा रही है। इस मामले की जांच एसआईटी ने की है। एसआईटी जांच रिपोर्ट के आधार पर मंडलीय अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निलंबित किया जा चुका है। उन पर लापरवाही व उदासीनता बरतने का आरोप है। मामले की शासन में कई बार शिकायत की गई थी। एसआईटी की सिफारिश के आधार पर शासन ने इस मामले में डीएम से रिपोर्ट तलब की है।